मैडेलिन, कोलम्बिया, में सत्संग: “आध्यात्मिक धूप का आनंद लें”

जनवरी 5, 2020

इस दोपहर, संत राजिन्दर सिंह जी महाराज के सत्संग की प्रतीक्षा में हज़ारों लोग प्लाज़ा मेयर एक्सपोज़िशन ऐन्ड कन्वेन्शन सेंटर के आसपास लाइनों में खड़े रहे। यह महाराज जी की दक्षिण अमेरिका यात्रा का अंतिम सत्संग था और 3000 सीटों वाला हॉल इसके लिए बिल्कुल सटीक स्थान था।

 

महाराज जी ने इंसान की हालत पर प्रकाश डाला। भौतिक इंद्रियों के स्तर पर जीते हुए हम यही सोचते रहते हैं कि जो कुछ भी हम इस संसार में अनुभव करते हैं वही सच है। इसीलिए हम बाहरी अस्थाई दुनिया में ही स्थाई ख़ुशियाँ ढूंढते रहते हैं, तथा यह नहीं जानते हैं कि इस भौतिक संसार से परे भी रूहानी मंडल हैं।

 

यह भौतिक संसार केवल आध्यात्मिक मंडलों का प्रतिबिंब भर है, जोकि हमारे इस मंडल के साथ ही अस्तित्व में हैं और हमारे अंतर में ही हैं। एक टीवी पर आने वाले विभिन्न चैनलों का उदाहरण देते हुए संत राजिन्दर सिंह जी ने समझाया कि प्रभु का चैनल हर समय हमारे लिए उपलब्ध है। हमें केवल इस भौतिक संसार के चैनल से ध्यान हटाकर प्रभु के चैनल पर ध्यान एकाग्र करना है। ऐसा हम ध्यानाभ्यास के द्वारा कर सकते हैं, उन्होंने फ़र्माया। ध्यानाभ्यास के द्वारा हम प्रभु की दिव्य ज्योति व श्रुति का अनुभव कर सकते हैं। हम प्रभु के दिव्य प्रकाश की धूप का आनंद ले पाते हैं, जैसे हम सर्दी के मौसम में बाहरी धूप का आनंद लेते हैं।

 

देर शाम को संत राजिन्दर सिंह जी मैडेलिन के साइंस ऑफ़ स्पिरिच्युएलिटी सेंटर पधारे, जोकि कैलज़ेन्स क्षेत्र में बनी एक तीन-मंज़िला इमारत है, जहाँ सप्ताह के सभी दिन सत्संग आयोजित किए जाते हैं।